कांग्रेस के शून्य के फैर में फंस गए संबित पात्रा, कुछ ऐसा दिया जवाब
अग्नि साक्षी नई दिल्ली। संबित पात्रा ने पीएम मोदी द्वारा 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज को एक ऐतिहासिक और सराहनीय कदम बताया। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता चरण सिंह सापला ने शो में संबित पात्रा से पूछ दिया कि 20 लाख करोड़ में कितने जीरो होते हैं। कोरोना वायरस से फैले संक्रमण के चलते 25 मार्च से ही देशव्यापी लॉकडाउन किया गया है। ये लॉकडाउन 17 मई के आगे भी रहेगा। लॉकडाउन की वजह से सुस्त पड़ी देश की इकोनॉमी को रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष आर्थिक पैकेज का ऐलान किया है। मंगलवार 12 मई को पीएम ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के हाल के निर्णय, रिजर्व बैंक की घोषणाओं को मिलाकर यह पैकेज करीब 20 लाख करोड़ रुपये का होगा। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि इस विशेष आर्थिक पैकेज की रकम देश के सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी का लगभग 10 प्रतिशत है। पीएम मोदी के संबोधन के बाद 20 लाख करोड़ के इसी विशेष आर्थिक पैकेज को लेकर हिंदी न्यूज चैनल आज तक पर एक डिबेट शो रखा गया था। इसमें कांग्रेस की तरफ से पार्टी के प्रवक्ता चरण सिंह सापला मौजूद थे तो वहीं बीजेपी की तरफ से उसके राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा मौजूद थे। संबित पात्रा ने पीएम मोदी द्वारा 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज को एक ऐतिहासिक और सराहनीय कदम बताया। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता चरण सिंह सापला ने शो में संबित पात्रा से पूछ दिया कि 20 लाख करोड़ में कितने जीरो होते हैं। शो की एंकर ने भी संबित पात्रा से कहा कि अगर आप बताना चाहें तो बता दीजिए कि 20 लाख करोड़ में कितने शून्य होते हैं। संबित पात्रा ने इस सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं इस प्रकार के सामान्य ज्ञान के सवाल में नहीं घुसना चाहता। डिबेट के इस अंश का वीडियो वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया में ये वीडियो क्लिप शेयर कर लोग संबित पात्रा को ट्रोल कर रहे हैं। बता दें कि इससे पहले भी संबित पात्रा इस तरह की सिचुएशन से गुजर चुके हैं। दरअसल पिछले साल एक लाइव डिबेट शो में संबित भारत सरकार के 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के विजन पर बोल रहे थे। उस डिबेट में कांग्रेस के प्रवक्ता ने उनसे पूछ दिया था कि आप 5 ट्रिलियन के बारे में इतना बोल रहे हैं तो पहले ये बता दीजिए कि 5 ट्रिलियन में कितने जीरो होते हैं। संबित पात्रा तब गौरव वल्लभ के सवाल का जवाब नहीं दे पाए थे। उसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें खूब ट्रोल किया था।