देशभर में नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship Amendment Act) का विरोध हो रहा है। देश में हालात काफी चिंता जनक है। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन में दो लोग अपनी जान गवां चुके हैं। भारत के कुछ शहर तो छावनी में तब्दील हो चुके हैं। हर किसी की नागरिकता संशोधन कानून पर अपनी- अपनी राय है। देश में भड़की हिंसा पर सुपरस्टार रजनीकांत ने भी अपने विचार सोशल मीडिया पर रखे हैं। लेकिन लगता हैं की लोगों को उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पसंद नहीं आई और रजनीकांत को सोशल मीडिया पर ट्रोल करने लगे। ट्रोल करने के बाद सोशल मीडिया पर रजनी के बयान को लेकर जंग ही छिड़ गयी और सोशल मीडिया पर रजनीकांत ट्रेंड करने लगे। सोशल मीडिया पर #ShameOnYouSanghiRajini और #IStandWithRajinikanth के नाम से हैशटैग चल रहे हैं।
आपको बता दें कि सुपरस्टार रजनीकांत ने देश में हो रही हिंसा को लेकर कहा था कि 'हिंसा से मुझे बहुत पीड़ा होती है'। उन्होंने कहा कि दंगा करना किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। रजनी के इस ट्वीट के बाद से ही लोग उनकी आलोचना करने लगे। हालांकि रजनीकांत के इस ट्वीट से ये साफ नहीं है कि CAA के पक्ष में हैं या विरोध में। रजनीकांत ने कहा कि हिंसा से मुझे बहुत पीड़ा होती है।
संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ गुरुवार को दक्षिण भारत के कई शहरों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए। कर्नाटक के मंगलुरु में हिंसक हुए प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए पुलिस द्वारा चलाई गई गोलियों के कारण दो लोगों की मौत हो गई। वहीं निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर प्रदर्शन करने के आरोप में प्रसिद्ध इतिहासकार रामचंद्र गुहा सहित सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया। मंगलुरु में प्रशासन ने शुक्रवार रात तक कर्फ्यू लगा दिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने मंगलुरु उत्तर पुलिस थाने पर कब्जा करने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की जिसके बाद उन्हें तितर-बितर करने के लिए गोलियां चलायी गयी।